देश

उपचुनाव: 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर मतगणना जारी, त्रिपुरा की दोनों सीटों पर बीजेपी का कब्जा

नई दिल्ली। देश के 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम आज सामने आ रहे हैं। इन सभी सीटों पर 5 सितंबर को मतदान हुआ था। इनमें यूपी की घोसी, उत्तराखंड की बागेश्वर विधानसभा सीट, पश्चिम बंगाल की धुपगुड़ी, झारखंड की डुमरी सीट, त्रिपुरा की धनपुर और बॉक्सानगर विधानसभा सीट और केरल की पुथुप्पली सीट शामिल हैं।

त्रिपुरा में बीजेपी ने बॉक्सनगर और धनपुर दोनों सीटें जीत ली हैं। धनपुर से भाजपा उम्मीदवार बिंदू देवनाथ ने 18 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज की। वहीं, बॉक्सनगर से भाजपा उम्मीदवार तफज्जल हुसैन ने करीब 30 जार वोटों से जीत दर्ज की है।

बता दें कि इन छह राज्यों में की 7 विधानसभा सीटों के लिए हुए उपचुनाव को अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा है। ये उपचुनाव विपक्षी गठबंधन इंडिया के लिए बड़ा टेस्ट माना जा रहा है।

सबकी निगाहें उत्तर प्रदेश की घोसी सीट पर टिकी हुई हैं। इस सीट के लिए हुए विधानसभा उप चुनाव में कुल 2 लाख 17 हजार मतदाताओं ने अपने वोट का इस्तेमाल किया। मतगणना के लिए कुल 14 टेबल बनाये गए हैं। मतगणना कुल 32 राउंड में होगी। मतगणना के लिए यहां 19 टीमें लगाई गई हैं। घोसी सीट पर बीजेपी और सपा समेत कुल 10 प्रत्याशी उपचुनाव के मैदान में हैं।

उधर त्रिपुरा में सीपीएम ने वोट काउंटिंग के बहिष्कार का ऐलान किया है। क्योंकि पार्टी का कहना है कि दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान के दौरान बड़े पैमाने पर गड़बड़ी हुई। वहीं पश्चिम बंगाल के धुपगुड़ी में सत्तारूढ़ तृणमूल को टक्कर देने के लिए सीपीएम और कांग्रेस एक साथ चुनावी मैदान में हैं। सबसे अनोखी बात ये है कि यहां चुनावी मैदान में आमने-सामने आई पार्टियां विपक्षी गुट इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं।

Share With