
भोपाल। मध्य प्रदेश की उज्जैन नगरी में महाशिवरात्रि पर शिव ज्योति अर्पणम कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने शिप्रा घाट पहुंच कर पत्नी के साथ दीप प्रज्वलित किए। इससे पहले वे नंदी हॉल में पहुंचे थे और दर्शन किए थे। इसके साथ ही शिव ज्योति अर्पणम की शुरुआत हो गई है।
शिव ज्योति अर्पणम के तहत जलाए गए दीयों की ड्रोन के जरिए गिनती पूरी हो चुकी है। कुछ देर बाद परिणाम की घोषणा की जाएगी। माना जा रहा है उज्जैन 21 लाख दीपकों से जगमगाएगा। ऐसा होने पर उज्जैन एक विश्व रिकॉर्ड अपने नाम करेगा।
पिछले साल उज्जैन में महाशिवरात्रि पर मिट्टी के 11,71,078 दीये जलाए गए थे। गिनिज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम ने इसे दीपों का सबसे बड़ा प्रदर्शन (लार्जेस्ट डिस्प्ले ऑफ ऑयल लैम्प) करार दिया था। विश्व रिकॉर्ड बनने का प्रमाण पत्र मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को प्रदान किया। इसके बाद आतिशबाजी कर मां शिप्रा आरती की गई थी।
वर्तमान में दीपों के सबसे बड़े प्रदर्शन का रिकॉर्ड अयोध्या के नाम है। 23 अक्टूबर 2022 को वहां 15 लाख 76 हजार दीप एक साथ जलाने का रिकॉर्ड अंकित हुआ था। इससे उज्जैन में बना रिकॉर्ड टूट गया था। अब अयोध्या का रिकॉर्ड उज्जैन में तोड़े जाने की तैयारी है।