चारधाम यात्रा की हुई शुरुआत, आज से खुल गए गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट

देहरादून। अक्षय तृतीया के मौके पर शनिवार को उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का आगाज हो गया। तय कार्यक्रम के अनुसार गंगोत्री धाम के कपाट दोपहर 12:35 बजे और 12:41 बजे यमुनोत्री धाम के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। अब अगले छह माह तक श्रद्धालु गंगोत्री में मां गंगा और यमुनोत्री में मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे। आज पहली पूजा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से की गई।

इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांव खरशाली से मां यमुना की डोली के प्रस्थान में शामिल हुए। उन्होंने विधि विधान से पूजा अर्चना की। इस दौरान श्रद्धालुओं पर हेलिकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। सीएम ने गंगोत्री में भी पूजा अर्चना में शामिल हुए।

उन्होंने कहा कि गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के खुलने से उत्तराखंड में चारधाम यात्रा की शुरुआत हो गई। चारधाम यात्रा हर्षोल्लास के साथ होगी। उन्होंने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं का देवभूमि उत्तराखंड में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भगवान बद्री विशाल, बाबा केदार, मां यमुनोत्री एवं गंगोत्री की कृपा सभी पर बनी रहे। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर देश एवं प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना भी की।

21 अप्रैल तक 16 लाख लोगों ने यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। उत्तराखंड सरकार ने तीर्थयात्रियों की निर्धारित संख्या में दर्शन करने पर लगी रोक हटा दी है। 25 अप्रैल को केदारनाथ धाम एवं 27 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट खुल जाएंगे।

Share With

Chhattisgarh