
नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह भी कोरोना की चपेट में आ गए हैं। उनकी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ये जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट कर दी है। फिलहाल उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिल रही जानकारी के अनुसार अमित शाह को गुरुग्राम के वेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, कोरोना के शुरूआती लक्षण दिखने पर मैंने टेस्ट करवाया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मेरी तबीयत ठीक है परन्तु डॉक्टर्स की सलाह पर अस्पताल में भर्ती हो रहा हूँ। मेरा अनुरोध है कि आप में से जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे संपर्क में आयें हैं, कृपया स्वयं को आइसोलेट कर अपनी जांच करवाएं।
देश में कोरोना आउटब्रेक की शुरुआत से ही शाह लगातार मॉनिटरिंग में लगे थे। राजधानी दिल्ली की स्थिति को उन्होंने पर्सनली मॉनिटर किया। वह गृह और स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों संग बैठक कर कोविड-19 की ताजा स्थिति पर अपडेट लेते थे। लॉकडाउन के बाद देश में अनलॉक की प्रक्रिया को लेकर गाइडलाइंस तैयार करवाने में भी शाह की अहम भूमिका रही है।
इस बीच, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 17 लाख 56 हजार 220 हो गई है। शनिवार को 54 हजार 865 केस आए, तो 51 हजार 232 मरीज ठीक भी हो गए। 852 लोगों की मौत हुई। एक्टिव केस में सिर्फ 2889 की बढ़ोतरी हुई। बीते एक महीने में ऐसा पहली बार हुआ है जब एक्टिव केस इतने कम बढ़े। इससे पहले 2 जुलाई को 1570 एक्टिव केस बढ़े थे। संक्रमितों का आंकड़ा लगातार 3 दिन से 54 हजार से ज्यादा बढ़ रहा है।