देश

मॉनसून सत्र के पहले दिन 17 सांसद मिले कोरोना पॉजिटिव

नई दिल्ली। मॉनसून सत्र के पहले दिन ही 17 सांसद कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए हैं। सभी सांसदों की सदन चलने से पहले कोरोना जांच की गई थी। अबतक हुई जांचों में बीजेपी सांसद मीनाक्षी लेखी, अनंत कुमार हेगड़े और प्रवेश साहिब सिंह वर्मा समेत 17 सांसद पॉजिटिव मिले हैं। इससे पहले रविवार को हुई कोरोना जांच में 5 सांसद पॉजिटिव मिले थे।

बता दें कि केवल उन्हीं सांसदों को संसद में जाने की अनुमति दी गई थी जिनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव थी। बता दें कि 14 सितंबर से शुरू हुए मॉनसून सत्र शुरू होने से पहले यह नियम बनाया गया था कि सभी सांसदों का कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद ही सत्र में भाग लेने की अनुमति दी जायेगी।

मानसून सत्र के पहले दिन, लोकसभा के सदस्यों ने राज्यसभा में बैठकर सदन की कार्यवाही में भाग लिया। सदन में सदस्यों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर सीट के सामने प्लास्टिक शील्ड कवर लगाए गए हैं। सदन में बैठने की बदली हुई व्यवस्था के बीच, लोकसभा कार्यकर्ता भी कई सदस्यों को अपनी सीटों तक पहुँचने में मदद करते देखे गए।

लोकसभा चैंबर में लगभग 200 सदस्य मौजूद थे, जबकि लगभग 50 सदस्य दीर्घाओं में थे। लोकसभा चैंबर में ही एक बड़ी टीवी स्क्रीन लगाई गई है, जिसके माध्यम से राज्य सभा चैंबर में बैठे लोकसभा के सदस्य भी दिखाई दे रहे थे। बता दें कि कोरोना वायरस महामारी के बीच सामाजिक दूरी सुनिश्चित करने के लिए सदस्यों को लोकसभा कक्षों, दीर्घाओं और राज्यसभा कक्षों में भी बैठाया गया है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सत्र से पहले सभी सांसदों और उनके रिश्तेदारों का कोरोना परीक्षण हुआ है। सभी सांसदों को सैनिटाइज़र, मास्क, दस्ताने और अन्य स्वास्थ्य देखभाल से संबंधित आइटम भेजे गए हैं। संसद के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का परीक्षण भी किया गया। सत्र की पूरी अवधि के दौरान परिसर में एक परीक्षण सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि अगर किसी सदस्य को स्वास्थ्य संबंधी शिकायत है तो उसके समुचित इलाज की व्यवस्था की गई है।

कोरोना पॉजिटिव पाये गए सांसद
सांसद सुखबीर सिंह जौनपुरिया (भाजपा), हनुमान बेनीवाल (आरएलपी), मीनाक्षी लेख (भाजपा), सुकांत मजुमदार (भाजपा), अनंत कुमार हेगड़े (भाजपा), गोदुती माधवी (वाईआरएससी), प्रतापराव जाधव (शिवसेना), जनार्दन सिंह, जनार्दन सिंह ), विद्युत वरण महतो (भाजपा), प्रधान बैरवा (भाजपा), एन रेड्डप्पा (वाईआरएससी), सेल्वम जी (डीएमके), प्रताप राव पाटिल (भाजपा), रामशंकर कठिया (भाजपा), प्रवेश साहिब सिंह (भाजपा), सत्यपाल सिंह ( भाजपा), और भाजपा के रोडमल नगर की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

Share With