नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस के मौके पर ट्रैक्टर रैली के दौरान लाल किले पर हुई हिंसा मामले में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दिल्ली हिंसा के मुख्य आरोपियों में से एक मनिंदर सिंह को गिरफ्तार किया है। उसके पास से एक तलवार भी बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक मनिंदर सिंह उर्फ मोनी दिल्ली के स्वरूप नगर का रहने वाला है। आपको बता दें कि इससे पहले पुलिस लाल किले हिंसा के मामले दीप सिद्धू, धर्मेंद्र सिंह हरमन समेत कई आरोपियों को दबोचा था।
आरोपी मनिंदर सिंह 26 जनवरी को बाइक पर अपने 5 साथियों के साथ ट्रैक्टर रैली में शामिल होने के लिए निकला था। अपने साथियों के साथ ट्रैक्टर रैली में शामिल होने के बाद लाल किले में घुसा और वहां तलवार लहराते हुए डांस किया। साथ ही इसने दूसरे प्रदर्शनकारियों को भी उकसाया। आरोपी स्वरूप नगर इलाके में एक खाली प्लाट पर तलवार चलाने की ट्रेनिंग भी दे रहा था।
गौरतलब है कि 26 जनवरी के दिन किसानों की ट्रैक्टर परेड के दौरान राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में हिंसा के दृश्य देखे गए, क्योंकि किसानों के एक वर्ग ने पूर्व निर्धारित समय से पहले रैली का आयोजन किया और दिल्ली में जबरदस्ती प्रवेश किया। इसके बाद कई जगहों पर पुलिस और उपद्रवियों के बीच झड़प भी देखने को मिली।