मुंबई। बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। विले पार्ले में उनका अंतिम संस्कार किया गया। सुशांत को अंतिम विदाई देने के लिए कई बॉलीवुड सेलेब्स शामिल हुए। उन्हें अंतिम विदाई देते हुए उनके पिताजी और बहनें फफक कर रो पड़ीं। उन्हें आखिरी विदाई देने के लिए उनके परिवार के साथ-साथ बॉलिवुड के कुछ सिलेब्रिटीज़ भी वहां मौजूद थे, जिसमें रिया चक्रवर्ती, श्रद्धा कपूर, कृति सैनन, विवेक ओबेरॉय जैसे सितारे शामिल थे। विले पार्ले के सेवा समाज श्मशान घाट पर उन्हें अंतिम विदाई दी गई है।
एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत अभी भी रहस्य बनी हुई है। इसी बीच कूपर अस्पताल ने सुशांत सिंह राजपूत के पोस्टमार्टम का एडवांस सर्टिफिकेट दे दिया है जिसके मुताबिक, मौत की वजह लटकने की वजह से दम का घुटना ही बताया गया है। सुशांत ने फंदा लगाकर जान दी थी। शुरुआती जांच रिपोर्ट में किसी तरह के जहर देने की बात सामने नहीं आई है। अब विसरा को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
सूत्रों की मानें, तो शुरुआती तौर पर ये आत्महत्या का ही मामला लग रहा है। हालांकि, कुछ अंगों को अभी जेजे अस्पताल भेजा गया है जहां फॉरेंसिक जांच जारी रहेगी। पुलिस की ओर से सुशांत की मौत के बारे में जो शुरुआती जानकारी मिली, उसके मुताबिक वो डिप्रेशन का शिकार थे और पिछले 6 महीने से उनका इलाज चल रहा था। वह लगातार डॉक्टर के संपर्क में थे। उनके करीबी रिश्तेदारों ने ये बात भी कही है कि इसी साल उनकी शादी होने वाली थी, वह नवंबर में शादी करने वाले थे।
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आत्महत्या की खबर रविवार दोपहर को सामने आई थी। उनके घर में काम करने वाले नौकर ने मुंबई पुलिस को फोनकर जानकारी दी थी। रविवार सुबह दस बजे जूस पीने के बाद सुशांत अपने कमरे में गए और फांसी लगा ली। कुछ घंटे बाद नौकर और कमरे में मौजूद अन्य लोगों ने दरवाजा खोलना चाहा, लेकिन नहीं खुला। मशक्कत करने के बाद जब दरवाजा खुला तो सुशांत फंदे से लटके थे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई, पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।