मुंबई। बॉलीवुड ऐक्टर सुशांत सिंह राजपूत इस दुनिया में नहीं रहे। रविवार को उन्होंने मुंबई में अपने फ्लैट में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। उनके नौकर ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सुशांत ने सुइसाइड क्यों किया है, इसको लेकर अभी तक जानकारी सामने नहीं आ पाई है। हालांकि पुलिस को सुशांत के दोस्तों ने बताया है कि वह बीते 6 महीने से डिप्रेशन में थे। पुलिस को सुशांत के घर से डिप्रेशन के इलाज की फाइल मिली है।
सुशांत के दोस्तों ने बताया कि वह डिप्रेशन की वजह से दवाइयां ले रहे थे। बीती रात सुशांत के कुछ दोस्त भी उनके साथ थे। सुबह जब सुशांत ने दरवाजा नहीं खोला तो उनके दोस्तों ने दरवाजा तोड़ा अंदर फांसी से उनकी लाश झूल रही थी। इसके बाद नौकर ने पुलिस को फोन किया। मुंबई स्थित उनके घर पर पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है।
बता दें कि चार दिन पहले ही सुशांत की मैनेजर दिशा की भी इमारत से गिरने से मौत हो गई थी। मुंबई पुलिस के प्रवक्ता का कहना है कि सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या की है। पुलिस जांच कर रही है। पुलिस को अभी तक कोई सूइसाइड नोट नहीं मिला है।
सुशांत सिंह राजपूत की एक्स गर्ल फ्रेंड अंकिता लोखंडे ने एक बिजनसमैन के साथ पिछले हफ़्ते ही सगाई की है। उनकी मैनेजर ने पांच दिन पहले ही आत्महत्या की थी। सूत्रों का कहना है कि इस मामले में भी सुशांत से पूछताछ की गई थी। वहीं परिवार के लोगों के मुताबिक, सुशांत एक बंगाली लड़की से परेशान थे। पिता उनसे कुछ दिन बाद ही मिलने जाने वाले थे, इसी बीच ये खबर आ गई। सुशांत के मामा ने इस मामले की न्यायिक जांच की मांग की है।
सुशांत सिंह राजपूत ने ‘किस देश में है मेरा दिल’ नाम के डेली सोप में काम किया पर उनको पहचान एकता कपूर के धारावाहिक ‘पवित्र रिश्ता’ से मिली। इसके बाद सुशांत को फिल्में भी मिलने लगीं। ‘काय पो छे!’ में सुशांत मुख्य अभिनेता थे और उनके अभिनय की काफी तारीफ भी हुई थी। इसके बाद सुशांत ‘शुद्ध देसी रोमांस’ में वाणी कपूर और परिणीति चोपड़ा के साथ दिखे।
हालांकि उन्होंने सबसे ज्यादा चर्चा भारतीय टीम के पूर्व कप्तान एम एस धोनी का किरदार निभा कर बटोरी थी। ये सुशांत के करियर की पहली फिल्म थी जिसने सौ करोड़ का कलेक्शन किया था। सुशांत इसके अलावा फिल्म सोनचिड़िया और छिछोरे जैसी फिल्मों में नजर आ चुके थे। सुशांत काफी लंबे समय से डिप्रेशन से गुजर रहे थे। हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी कुछ नहीं गया है।