नई दिल्ली। अभिनेता रजनीकांत ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि वो अपने स्वास्थ्य कारणों की वजह से राजनीति में नहीं आएंगे, हालांकि वो आगे भी लोगों के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने मंगलवार को एक बयान जारी किया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि वो तबियत खराब के चलते राजनीति में एंट्री नहीं करेंगे।
रजनीकांत ने अपने बयान में कहा कि वो कोई राजनीतिक दल नहीं बनाने जा रहे हैं। लेकिन तमिलनाडु के लोगों के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने आगे कहा कि बीते दिनों उनकी तबीयत में जो गिरावट हुई है, वो इसे भगवान की चेतावनी मानते हैं और राजनीतिक पार्टी नहीं बनाने का फैसला करते हैं।
इसी महीने की शुरुआत में रजनीकांत ने कहा था कि वह जनवरी 2021 में अपनी राजनीतिक पार्टी बनाएंगे। पार्टी बनाने की घोषणा करके रजनीकांत ने इस संबंध में वर्षों से लगाए जा रहे कयासों पर विराम लगा दिया था। रजनीकांत ने स्पष्ट किया था कि उनकी पार्टी 2021 विधानसभा चुनाव लड़ेगी और जीत दर्ज करेगी। तमिलनाडु में अगले वर्ष अप्रैल-मई के बीच विधानसभा चुनाव होने हैं।