नई दिल्ली। चारा घोटाला मामले में सजा काट रहे राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव रांची के एक अस्पताल में इलाज करा रहे हैं, और ऐसी खबर है कि वहां वो कुत्ते और मच्छरों से डर रहे हैं।
आरजेडी विधायक भोला यादव का दावा है कि पूर्व मुख्यमंत्री अस्पताल के सुपर स्पेशियलिटी वॉर्ड के नजदीक कुत्तों के लगातार भौंकने से परेशान हैं और वो रात को ठीक से सो नहीं पा रहे हैं। विधायक का कहना है कि लालू यादव ने आरआईएमएस से अनुरोध किया है कि वह उन्हें दूसरे वॉर्ड में शिफ्ट कर दें।
बता दें कि बिहार से तीन बार मुख्यमंत्री रहे लालू प्रसाद फिलहाल रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) में भर्ती हैं। दरअसल, कोर्ट में आत्मसमर्पण करने के बाद लालू यादव को मेडिकल सुविधा के लिए रांची के रिम्स में भर्ती कराया गया।
लालू को कार्डियो, किडनी इंफेक्शन, बीपी, शुगर जैसी गंभीर बीमारियां हैं, जिनका इलाज रिम्स के डॉक्टरों के जरिए हो रहा है। वहीं डॉक्टरों का कहना है कि लालू यादव की हालात में हल्का सुधार है. उनको साधारण डाइट पर रखा गया है।