ब्रेडा। राष्ट्रमंडल खेलों में खराब प्रदर्शन की निराशा को पीछे छोड़कर भारतीय हॉकी टीम पहली बार चैंपियंस ट्रॉफी खिताब अपने नाम करने के इरादे से शनिवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ अपने अभियान का आगाज करेगी।
एशियाई चैंपियन भारत ने 36 बार में अभी तक एक भी चैंपियंस ट्रॉफी नहीं जीती है और इस बार टूर्नामेंट के आखिरी सत्र में यह उपलब्धि हासिल करना चाहेगा। भारतीय टीम का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2016 में रहा जब ऑस्ट्रेलिया से शूटआउट में हारकर उसने रजत पदक जीता था।
आठ बार की ओलंपिक चैंपियन भारतीय टीम राष्ट्रमंडल खेलों में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद चौथे स्थान पर रही। इसके बाद नीदरलैंड के शोर्ड मारिन की जगह हरेंद्र सिंह को पुरुष टीम का कोच बनाया गया जबकि मारिन महिला टीम की कोचिंग के लिए लौट गए।